मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति उन्नयन योजना के अंतर्गत दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रतिभा चयन प्रतियोगिता ताड़ीखेत में शुरू
रानीखेत – मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति उन्नयन योजना के अंतर्गत दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रतिभा चयन प्रतियोगिता का शुभारंभ आज श्रद्धानंद मैदान उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता में विकासखंड ताड़ीखेत के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के संचालक एवं समन्वय ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति उन्नयन योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित मंच प्रदान करना है। अनुशासन, नियमित अभ्यास और समर्पण ही खिलाड़ियों को उच्च स्तर तक पहुँचाने का आधार है।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के छह आयु वर्गों (8–9, 9–10, 10–11, 11–12, 12–13 एवं 13–14 वर्ष) में बैटरी टेस्ट (Physical Fitness Battery Test) आयोजित किया जा रहा है। इस परीक्षण में खिलाड़ियों की गति, शक्ति, सहनशक्ति, फुर्ती एवं शारीरिक दक्षता का मूल्यांकन किया जा रहा है। प्रतियोगिता एवं बैटरी टेस्ट के प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक आयु वर्ग से 6 बालक एवं 6 बालिकाओं का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता हेतु किया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक लक्ष्मण सिंह परगांई एवं सह-संयोजिका श्रीमती रोजी नय्यर हैं इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज शेर के प्रधानाचार्य दीपक बिष्ट भी उपस्थित रहे।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राजीव खाती, अजय चंद, सुनील कुमार, दीप पंत, चंद राम, कुँवर पपनें, प्रताप नेगी, श्रीमती भगवती जोशी, श्रीमती मृदुला धीरज वर्मा, श्रीमती विनीता खाती, श्रीमती पूजा डालाकोटी, श्रीमती ममता जोशी, श्रीमती कृतिका जोशी, श्रीमती अनीता कुमारी तथा श्रीमती ऋतु जोशी ने निर्णायक एवं आयोजन दल के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी निर्णायकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के समर्पण, अनुशासन एवं अथक परिश्रम से प्रतियोगिता का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन किया जा रहा है।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता के समापन पर चयनित खिलाड़ी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड ताड़ीखेत का प्रतिनिधित्व करेंगे।




मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति उन्नयन योजना के अंतर्गत दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रतिभा चयन प्रतियोगिता ताड़ीखेत में शुरू
सीबीएसई क्लस्टर XIX एथलेटिक्स मीट में एपीएस रानीखेत की तनुजा माहरा का शानदार प्रदर्शन,सीबीएसई राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन