रानीखेत से दिल्ली के लिए अतिरिक्त बस सेवा संचालित करने की मांग, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
रानीखेत, 27 जून। रानीखेत से दिल्ली के लिए रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस रानीखेत ने शनिवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि वर्तमान में दिल्ली के लिए सीमित बस सेवाएं संचालित होने के कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, सैनिकों, पर्यटकों एवं अन्य यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस ने बताया कि पर्याप्त बसें उपलब्ध न होने से यात्रियों को समय पर आरक्षण नहीं मिल पाता, जिसके चलते उन्हें निजी टैक्सियों से हल्द्वानी जाकर वहां से दिल्ली के लिए बस पकड़नी पड़ती है। इससे यात्रियों का समय और धन दोनों अधिक खर्च होते हैं। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व में रानीखेत से दिल्ली के लिए अधिक बसों का संचालन होता था, लेकिन वर्तमान में बसों की संख्या कम होने से समस्या गंभीर हो गई है। पर्यटन सीजन तथा केदारनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने से यह परेशानी और अधिक बढ़ जाती है।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि रानीखेत से दिल्ली के लिए पूर्व की भांति अतिरिक्त बस सेवाएं तत्काल शुरू की जाएं, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पर्याप्त सीटों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा पर्यटन एवं यात्रा सीजन में यात्रियों की संख्या के अनुरूप अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष अंकित रावत, जिला महासचिव अरसालन शेख, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, दीपक सोंटियाल, उदय मलोठिया, पंकज किरौला, पवन बिष्ट, यतिन मेहरा, आदित्य मेहरा, कु. कुमारी सहित अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


रानीखेत से दिल्ली के लिए अतिरिक्त बस सेवा संचालित करने की मांग, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन