एस एस बी की पर्वतारोहण टीम माउंट श्रीकंठ अभियान के लिए रवाना

ख़बर शेयर करें -

राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) ने हरी झंडी दिखाकर SSB की महिला पर्वतारोहियों को माउंट श्रीकंठ अभियान के लिए रवाना किया, दल का नेतृत्व भवाली निवासी एवरेस्टर सुबोध कुमार चंदोला, वरिष्ठ क्षेत्राधिकारी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) के हाथों में है।

सशस्त्र सीमा बल (SSB) की महिला पर्वतारोहण टीम के माउंट श्रीकंठ पर्वतारोहण अभियान का फ्लैग-ऑफ समारोह उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में माननीय राज्यपाल, उत्तराखंड, श्री संजय सिंघल महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल, श्री दिपम सेठ, महानिदेशक उत्तराखंड पुलिस, महानिरीक्षक श्री संजीव कुमार शर्मा सशस्त्र सीमा बल, श्री अमित कुमार, महानिरीक्षक सीमांत मुख्यालय रानीखेत सशस्त्र सीमा बल, पदमश्री चंद्र प्रभा ऐतवार, एवरेस्टर श्रीमती सुमन कुटियाल ने उपस्थित होकर अभियान दल का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अभियान दल के टीम लीडर श्री सुबोध कुमार चंदोला ने माननीय राज्यपाल एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि SSB की युवा महिला पर्वतारोही पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ माउंट श्रीकंठ के सफल आरोहण के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि सशस्त्र सीमा बल का लक्ष्य एक महिला पर्वतारोही दल २०२८ में मांउट एवरेस्ट पर चढ़ाईं करने के लिए तैयार करना है उसी क्रम में यह अभियान चलाया जा रहा है।
टीम लीडर ने बताया कि अभियान दल में कुल 16 सदस्य शामिल हैं, जिनमें 07 महिला पर्वतारोहियों सहित कुल 10 पर्वतारोही तथा 06 प्रशासनिक कार्मिक हैं। दल उत्तरकाशी के लिए रवाना होगा और हर्षिल एवं धराली होते हुए लगभग दो दिन की कठिन पैदल यात्रा के बाद 13,600 फीट की ऊंचाई पर स्थित बेस कैंप पहुंचेगा।
श्री सुबोध कुमार चंदोला ने अभियान की आगे की कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी और
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एडवांस बेस कैंप लगभग 14,500 फीट, कैंप-I लगभग 16,500 फीट तथा समिट कैंप लगभग 19,000 फीट की ऊंचाई पर स्थापित किए जाने की योजना है।
टीम लीडर ने बताया कि अभियान की योजना के अनुसार 06 एवं 07 अक्टूबर को माउंट श्रीकंठ के शिखर पर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज एवं SSB का बल ध्वज फहराया जाएगा। अभियान में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। किसी भी मेडिकल इमरजेंसी के लिए अनुभवी चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मी तथा संचार व्यवस्था के लिए दो संचार कर्मी दल में शामिल हैं। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए हेली एवैक्यूएशन का प्रावधान भी रखा गया है।
अभियान के फ्लैग-ऑफ के अवसर पर माननीय राज्यपाल ने महिला पर्वतारोहियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की सराहना की तथा अभियान की सफलता की कामना की। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर माउंट श्रीकंठ अभियान दल को रवाना किया।
SSB के इस अभियान से बल की महिला कार्मिकों को पर्वतारोहण के क्षेत्र में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। अभियान दल ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के आशीर्वाद एवं शुभकामनाओं से माउंट श्रीकंठ के सफल आरोहण के लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा और यह अभियान SSB के गौरवशाली पर्वतारोहण इतिहास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ेगा।