प्रसिद्ध लोक गायक हीरा सिंह राणा के पैतृक गांव में समारोह पूर्वक मनाया गया उनका 84वां जन्मदिन , गीतों के माध्यम से दी गई श्रद्धांजलि
रानीखेत -प्रसिद्ध लोक गायक हीरा सिंह राणा का 84वां जन्मदिन उनके पैतृक गांव डढोली में आज समारोह पूर्वक मनाया गया।इस अवसर कलाकारों ने लोक गायक हीरा सिंह राणा के गीतों को गाकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा स्व. राणा की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. समारोह में आये कलाकारों द्वारा हीरा सिंह राणा के गीतों को गाकर उन्हें भावपूर्ण ढंग से याद किया।दिल्ली से आए रंगमंच के कलाकार महेश उपाध्याय, ईश्वर चन्द्र व चन्द्र शेखर गहतोड़ी ने सुमधुर गीतों से लोगों का मन मोह लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राणा जी की रचनाओं में केवल मनोरंजन ही नहीं मिलता है बल्कि वे एक अच्छे प्रकृति प्रेमी भी थे उनके गीतों से जनता को अपने अधिकारों के लिए लड़ने की प्ररेणा मिलती है। ‘लस्का कमर बांधा हिम्मत का साथा ‘ उनकी इस रचना को इसी रूप में देखा जा सकता है उन्होंने अपनी रचनाओं में मानव जीवन के हरेक पहलु को छुआ है वे सचमुच एक कालजयी रचनाकार थे। वक्ताओं ने कहा दिल्ली सरकार ने उन्हें गढ़वाली कुमाऊनी व जौनसारी भाषा अकादमी का उपाध्यक्ष बनाया परन्तु अपने गृह राज्य उत्तराखंड में उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे ।
समारोह में जनता द्वारा कई प्रस्ताव भी पारित किए गए जिसमें राणा जी के संग्रहालय की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई ।उन्होंने कहा लाखों रुपए की लागत से बना यह भवन अभी विभाग को हस्तांतरित भी नहीं हुआ है ,उसकी छत टपकने लगी है ।एक कमरे में उनकी स्मृतियों को संजोए रखने के लिए रैक बने हैं परन्तु उन्हें शीशे से कवर नहीं किया गया है जिससे उनके स्मृति चिन्ह धूल से भरे पड़े हैं ।
लोगों ने मांग की है कि दोनों कमरों में रैक बनाकर शीशे के फ्रेम लगाये जाय ।विभाग द्वारा यहां पर राणा जी की जो मूर्ति स्थापित की है वह राणा जी के शक्ल से कहीं से भी मेल नहीं खा रही है ।इससे बदलकर दूसरी मूर्ति लगाई जाय ।जनता द्वारा सरकार से मांग की गई है कि राणा जी के जन्मदिन को सांस्कृतिक दिवस के रूप में मनाया जाय। बैठक को एडवोकेट जीएस चौहान ,कुन्दन सिंह बिष्ट ,कंचन रावत, महेश उपाध्याय ,तुला सिंह तड़ियाल व मदन कठायत ने सम्बोधित किया तथा संचालन खीम सिंह बंगारी ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट जीएस चौहान ने की कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती कंचन रावत ब्लाक प्रमुख सल्ट व कैप्टन के एस भाकुनी थे ।विशिष्ट अतिथि के तौर पर विरेन्द्रसिंह बंगारी भैरव दत्त पाण्डेय, मान सिंह बिष्ट ,सुनील टम्टा, महेश उपाध्याय, तुला सिंह तड़ियाल, मदन कठायत सूबेदार हीरा सिंह व छोटू प्रधान उपस्थित थे ।समारोह में भारी तादाद में क्षेत्रीय जनता ने प्रतिभाग किया

प्रसिद्ध लोक गायक हीरा सिंह राणा के पैतृक गांव में समारोह पूर्वक मनाया गया उनका 84वां जन्मदिन , गीतों के माध्यम से दी गई श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर रानीखेत में भाजयुमो ने रक्तदान शिविर आयोजित किया