टीबी उन्मूलन अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स को किया जागरूक
रानीखेत-स्वर्गीय श्री जय दत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में टीबी उन्मूलन भारत अभियान के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनटीईपी के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा तथा टीयू ताड़ीखेत के वरिष्ठ चिकित्सा पर्यवेक्षक गोविंद बिष्ट ने कैडेट्स को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं नियमित उपचार की जानकारी दी।
डॉ. दीपक शर्मा ने कहा कि टीबी एक संक्रामक रोग है, लेकिन समय पर पहचान और पूर्ण उपचार से इसका प्रभावी उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी, समय पर जांच, नियमित उपचार एवं जन-जागरूकता के माध्यम से ही टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स से स्वयं जागरूक रहने तथा परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
गोविंद बिष्ट ने टीबी मरीजों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनके साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने की अपील की।कार्यक्रम में कैडेट्स के मोबाइल में ‘टीबी मुक्त भारत’ ऐप डाउनलोड करवाकर उसके उपयोग की जानकारी दी गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पुष्पेश पांडे ने कैडेट्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। एनसीसी अधिकारी डॉ. शंकर कुमार सहित एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कैडेट्स ने टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

टीबी उन्मूलन अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स को किया जागरूक
रानीखेत में 23वें मां दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर बैठक, आयोजन को भव्य बनाने का निर्णय