ताड़ीखेत विकास खंड में मुख्यमंत्री प्रोत्साहन कार्यक्रम अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न

ख़बर शेयर करें -


रानीखेत -मुख्यमंत्री प्रोत्साहन कार्यक्रम/योजना-2026 के अंतर्गत विकासखंड ताड़ीखेत की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 10 एवं 11 अगस्त 2026 को श्रद्धानंद मैदान (मिनी स्टेडियम), ताड़ीखेत में किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


प्रतियोगिता के प्रथम दिवस 10 अगस्त को प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का पंजीकरण एवं आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण की गईं। अत्यधिक वर्षा के कारण प्रथम दिवस की शेष गतिविधियाँ आयोजित नहीं हो सकीं। इसके पश्चात 11 अगस्त 2026 को शेष प्रतियोगितात्मक एवं चयन संबंधी गतिविधियाँ सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।
यह प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग में चार आयु वर्गों—14 से 17 वर्ष, 17 से 19 वर्ष, 19 से 21 वर्ष तथा 21 से 23 वर्ष— में आयोजित की गई। विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभागियों की खेल प्रतिभा एवं प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का विकासखंड स्तर से जनपद स्तर हेतु चयन किया गया। चयनित प्रतिभागी आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड ताड़ीखेत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता का सफल संचालन एवं समन्वय ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. शिवराज सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राजीव खाती, दिनेश चन्द्र, शादाब , सुनील कुमार, चंद राम, संतोष भट्ट, देवेंद्र राम, दिलीप कुमार गोस्वामी, मनोज कुमार आर्य, कुँवर पपने, दिगंबर सिंह बिष्ट, राहुल त्यागी, धीरज वर्मा, धर्मेश बोरा, श्रीमती भगवती बिष्ट, श्रीमती पूजा डालाकोटी, श्रीमती ममता जोशी, श्रीमती कृतिका जोशी, श्रीमती अनीता कुमारी, श्रीमती कविता एवं श्रीमती मृदुला सहित समस्त निर्णायकों एवं सहयोगी शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अत्यधिक वर्षा के बावजूद पूरी टीम के अथक प्रयास, आपसी समन्वय एवं विशेष सहयोग से दो दिवसीय प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। आयोजन के दौरान प्रतिभागी छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना देखने को मिली। अंत में चयनित प्रतिभागियों को आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत में 136वें मां नंदा -सुनंदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक, 15सितंबर से 23सितंबर तक होगा आयोजन, जानिए कब क्या होगा,
ADVERTISEMENTS Ad Ad