मां नंदा- सुनंदा महोत्सव रानीखेत में सीनियर विद्यार्थियों के लोक नृत्यों और महिलाओं के चुहलबाज़ी विवाह गीतों ने मन मोहा
रानीखेत – 137वें मां नंदा सुनंदा महोत्सव में रविवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अंतरविद्यालयी समूह लोक नृत्य सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता में ताड़ीखेत विकास खंड के करीब दस विद्यालयों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, वहीं शकुनाखर और विवाह गीत प्रतियोगिताओं ने भी दर्शकों को बांधे रखा। मंदिर परिसर में भजन कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सांस्कृतिक मंच का शुभारंभ क्षेत्र प्रमुख बबली माहरा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि बबली माहरा ने अपने संबोधन में कहा कि लोक संस्कृति को बचाने के लिए सभी को मिलजुलकर प्रयास करने होंगे। मां नंदा सुनंदा महोत्सव हमारी लोक विरासत है इसे और भव्य और विस्तारित करने के लिए भरसक प्रयास किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि विनोद खुल्बे ने भी नंदा सुनंदा महोत्सव की सभी को शुभकामनाएं दीं।
तदुपरांत अंतरविद्यालयी समूह नृत्य प्रतियोगिता में विद्यालयों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं । प्रतियोगिता में रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज द्वितीय और राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज तृतीय स्थान पर रहे। वहीं विद्यार्थियों की शकुनाखर प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज प्रथम,मिशन इंटर कॉलेज द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज देवलीखेत तृतीय स्थान पर रहे। महिलाओं की विवाह गीत प्रतियोगिता में शिव मंदिर मातृ शक्ति समूह ने प्रथम, चेली ब्वारी ग्रुप ने द्वितीय और गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।नारी शक्ति देवलीखेत दुभणा ने सांत्वना पुरस्कार मिला।
पुरस्कार वितरण विशिष्ट अतिथि सिटी मांटेसरी स्कूल गनियाद्योली के प्रधानाचार्य विनोद खुल्बे, समिति सांस्कृतिक संयोजक विमल सती, संरक्षक हरीश लाल साह, अध्यक्ष गौरव भट्ट, उपाध्यक्ष दीपक पंत महासचिव गौरव तिवारी,अभिषेक कांडपाल, परमवीर माहरा आदि ने प्रदान किए। संचालन दीपक पंत ,गौरव तिवारी ने किया। निर्णायक की भूमिका दीपक रावत ने निभाई।
मां नंदा -सुनंदा सेवा समिति द्वारा आयोजित नंदा सुनंदा महोत्सव के सांस्कृतिक संयोजक विमल सती ने बताया कि सोमवार को पूर्वाह्न 11बजे से ऐपण प्रतियोगिता,दोपहर एक बजे से उत्तराखंडी व्यंजन प्रतियोगिता और ढाई बजे से फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी।पारम्परिक झोड़ा प्रतियोगिता और उत्तराखंडी परिधान प्रतियोगिता आगामी 22सितम्बर को आयोजित होगी। सोमवार सांस्कृतिक संध्या में सशस्त्र सीमा बल का ड्रम बैंड सायंकाल सात बजे से अपनी प्रस्तुति देगा।




मां नंदा- सुनंदा महोत्सव रानीखेत में सीनियर विद्यार्थियों के लोक नृत्यों और महिलाओं के चुहलबाज़ी विवाह गीतों ने मन मोहा
रानीखेत मां नंदा- सुनंदा महोत्सव में चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित, मेहंदी प्रतियोगिता में प्रिया और सिमरा रहे अव्वल