रानीखेत में मां नंदा सुनंदा की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ महोत्सव विधिवत शुरू,स्कूली बच्चों के लोकनृत्य और महिलाओं की छपेली ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत: शनिवार प्रातःकाल ब्रह्म मुहूर्त में मां नंदा -सुनंदा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के साथ 137वां नंदा सुनंदा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रातः से ही मां के‌ दर्शन व पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही, वहीं सांस्कृतिक मंच पर अंतरविद्यालयी समूह लोकनृत्य व महिलाओं की छपेली नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि एस एस बी के सेवानिवृत्त सहायक सेनानायक दीप पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एस एस बी पूर्व सहायक सेनानायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीप पांडे ने कहा कि 137साल से आयोजित होते आ रहा नंदा देवी महोत्सव का धार्मिक महत्व के साथ ही लोक सांस्कृतिक महत्व भी रहा है।इस महोत्सव में जिसतरह लोक संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन का प्रयास किया जा रहा है वह स्तुत्य है।

सांस्कृतिक आयोजन से पूर्व मां नंदा -सुनंदा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद हवन अनुष्ठान सम्पन्न हुआ।मां के दर्शनार्थ श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा वहीं सांस्कृतिक मंच‌ पर‌ अंतरविद्यालयी समूह‌ लोक नृत्य प्रतियोगिता खासी आकर्षण का केंद्र ‌‌‌रही। विद्यालयी बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों को देखने के लिए दर्शक मंत्रमुग्ध बैठे रहे। अंतर विद्यालयी समूह लोकनृत्य प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में स्प्रिंग फील्ड पब्लिक स्कूल प्रथम, सरस्वती शिशु मंदिर द्वितीय और रीना चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में , छावनी इंटर कॉलेज ने प्रथम, गोविंद मैमोरियल पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और रीना चिल्ड्रंस एकेडमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तदुपंरात महोत्सव में दूसरी बार आयोजित महिलाओं की छपेली नृत्य प्रतियोगिता में जय गोलू देवता महिला समूह खनिया प्रथम, मां नन्दा -सुनंदा महिला समिति ने द्वितीय और नारी शक्ति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सांस्कृतिक संयोजक विमल सती ने पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर समिति संरक्षक हरीश लाल साह,अध्यक्ष गौरव भट्ट , गौरव तिवारी,परम मेहरा, अभिषेक कांडपाल, नेहा माहरा, रीना वर्मा , रामेश्वर गोयल मौजूद रहे। संचालन दीपक पंत ने किया। निर्णायक की भूमिका मो आदिल व दीपक रावत ने निभाई।

ADVERTISEMENTS Ad Ad