राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत छात्र संघ चुनाव : नामांकन प्रपत्रों की जांच के बाद घोषित हुए वैध प्रत्याशी
रानीखेत: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में छात्र संघ निर्वाचन 2026–27 के अंतर्गत नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत आज नामांकन पत्रों की जाँच के बाद वैध प्रत्याशियों की घोषणा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार जोशी ने बताया कि नामांकन पत्रों की जाँच एवं नाम वापसी की प्रक्रिया निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार संपन्न की गई है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे निर्वाचन से संबंधित आगामी सूचनाओं के लिए महाविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें ।
नामांकन प्रपत्रों की जाँच एवं निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी रूप से संपन्न कराने में महाविद्यालय की निर्वाचन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्वाचन समिति में डॉ. नीमा बोरा, डॉ. पूजा एवं डॉ. धीरज सिंह खाती के साथ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पुष्पेश पांडे एवं मुख्य शास्ता प्रोफेसर पी. एन. तिवारी सम्मिलित रहे। इसके साथ ही नामांकन प्रपत्रों की जाँच समिति में डॉ. प्रसून जोशी, डॉ. सुरेश टम्टा, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, डॉ. लक्ष्मी, डॉ. प्रमोद जोशी, डॉ. नीरज तिवारी, डॉ. तनुजा तिवारी एवं श्री बिनोद तिवारी द्वारा नामांकन प्रपत्रों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जाँच की गई।
जाँच प्रक्रिया के उपरांत अध्यक्ष पद के लिए जितेश नेगी एवं विनीत सिंह कुवार्बी, उपाध्यक्ष (छात्र) पद के लिए कार्तिकेय सती, उपाध्यक्ष (छात्रा) पद के लिए अनीषा बिष्ट एवं रश्मि कांडपाल, सचिव पद के लिए हर्षिता फर्त्याल, कोषाध्यक्ष पद के लिए बबली आर्या एवं संजना नगरकोटी, संयुक्त सचिव पद के लिए अंजली, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए भूमिका आर्या एवं ललिता चौधरी तथा संकाय प्रतिनिधि (वाणिज्य) पद के लिए नेहा के नाम वैध प्रत्याशियों के रूप में घोषित किए गए हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सांस्कृतिक सचिव पद के लिए एकमात्र नामांकित प्रत्याशी नम्रता पांडेय द्वारा अपना नामांकन वापस ले लिया गया है। नामांकन वापसी के पश्चात इस पद के लिए वर्तमान में कोई वैध प्रत्याशी शेष नहीं है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पुष्पेश पांडे एवं मुख्य शास्ता प्रोफेसर पी. एन. तिवारी तथा निर्वाचन समिति ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि छात्र संघ निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न कराने के लिए महाविद्यालय प्रशासन एवं निर्वाचन समिति को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा निर्वाचन से संबंधित नियमों एवं आचार-संहिता का पालन करें। कल दिनांक 26-09-2027 को प्रातः11 बजे से 01 बजे तक आम सभा आयोजित की जायेगी जिसमें सभी प्रत्याशियों एवं विद्यार्थियों से सहयोग की अपेक्षा की जाती है ।

जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जे. एंड जे. सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की शानदार सफलता