गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत में डायलिसिस सेवा का हुआ भव्य शुभारंभ,एक यूनिट स्थापित
अब स्थानीय किडनी रोगियों को नहीं जाना पड़ेगा 80 किलोमीटर दूर हल्द्वानी; समय और पैसे दोनों की होगी बचत
रानीखेत: गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत में लंबे समय से प्रतीक्षित डायलिसिस सेवा का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर इस अति-आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा का उद्घाटन किया।
गौरतलब है कि अस्पताल में डायलिसिस मशीन और इसका आरओ (RO) प्लांट लगभग डेढ़ साल पहले ही स्थापित कर दिया गया था, लेकिन तकनीशियन (Technician) की तैनाती न होने के कारण यह सेवा शुरू नहीं हो पा रही थी। जनहित की इस आवश्यकता को देखते हुए योगदा आश्रम द्वाराहाट ने सहयोग का हाथ बढ़ाया और आर ओ प्लांट प्रदान किया। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी हरीश चंद्र पंत ने अथक प्रयास करके कुशल तकनीशियन उपलब्ध कराया, जिससे इस यूनिट के संचालन का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इस डायलिसिस यूनिट के शुरू होने से रानीखेत तथा आसपास के दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के किडनी (गुर्दा) रोगियों को अब इलाज के लिए करीब 80 किलोमीटर दूर हल्द्वानी नहीं जाना पड़ेगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय के साथ-साथ भारी आर्थिक राहत भी मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2026 में अल्मोड़ा के तत्कालीन जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था और डायलिसिस सुविधा की महत्ता को समझते हुए इसे जल्द से जल्द शुरू करने के कड़े निर्देश दिए थे।
शुभारंभ अवसर पर योग दा आश्रम द्वाराहाट के स्वामी अमीयानंद महाराज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीशचंद्र पंत, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीप प्रकाश पार्की, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. अमरजीत, भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश भगत, दीप भगत, भाजपा पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक विमल भट्ट,मंडल मंत्री महेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता संदीप गोयल, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा तिवारी, ताड़ीखेत मंडल महामंत्री मंजीत भगत, सूरज रावत तथा भगवत सिंह मनराल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।





गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत में डायलिसिस सेवा का हुआ भव्य शुभारंभ,एक यूनिट स्थापित
रानीखेत में हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, विधायक प्रमोद नैनवाल ने किया उद्घाटन