छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 के संदर्भ में महाविद्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई,लिंगदोह समिति, छात्र संघ नियमावली एवं आदर्श आचार संहिता के पालन पर विशेष जोर

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत -स्वर्गीय श्री जय दत्त वैला, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में आगामी छात्र संघ निर्वाचन सत्र 2026-27 के संदर्भ में आज दिनांक 18 सितंबर 2026 को महाविद्यालय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, शास्ता मंडल, संभावित छात्र प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी छात्र संघ निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, अनुशासित एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों के मध्य समन्वय स्थापित करना तथा निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराना था।
बैठक का संचालन महाविद्यालय के छात्र संघ प्रभारी डॉ. बृजेश कुमार जोशी द्वारा किया गया। उन्होंने छात्र नेताओं एवं संभावित प्रत्याशियों को संबोधित करते हुए लिंगदोह समिति की संस्तुतियों, छात्र संघ नियमावली तथा आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के पालन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छात्र संघ निर्वाचन महाविद्यालयीन लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग है और इसमें प्रत्येक प्रत्याशी एवं छात्र की भूमिका जिम्मेदार, मर्यादित एवं अनुशासित होनी चाहिए। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय परिसर की शैक्षणिक गरिमा, अनुशासन एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में छात्र संघ समिति के सदस्य डॉ. धीरज सिंह खाती द्वारा छात्र संघ निर्वाचन से संबंधित सामान्य नियमों एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों को निर्वाचन के दौरान निर्धारित नियमों का अनुपालन करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में महाविद्यालय प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में आगामी 29 सितंबर 2026 को प्रस्तावित मतदान के संदर्भ में निर्वाचन प्रक्रिया की एक संभावित रूपरेखा भी साझा की गई। मतदान दिवस पर विद्यार्थियों की सुविधा, अनुशासन एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं तथा संभावित प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही सभी संभावित प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों से अपेक्षा की गई कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में महाविद्यालय प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करेंगे।
पुलिस प्रशासन की ओर से एस.एस.आई. मनोज कुमार, एल.आई.यू. सब-इंस्पेक्टर भास्कर पाठक तथा कांस्टेबल कमल कुमार उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा छात्र नेताओं एवं उपस्थित विद्यार्थियों को निर्वाचन के दौरान लिंगदोह समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अनुशासन बनाए रखने, शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि से दूर रहने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत मां नंदा- सुनंदा महोत्सव में चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित, मेहंदी प्रतियोगिता में प्रिया और सिमरा रहे अव्वल

मुख्य शास्ता प्रोफेसर पीo एनo तिवारी ने संभावित प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों से अपील की कि वे व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप, अनुशासनहीनता, किसी भी प्रकार के दबाव अथवा ऐसे आचरण से बचें जिससे महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग स्वतंत्र, शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पुष्पेश पांडे ने सभी छात्र-छात्राओं एवं संभावित प्रत्याशियों से अपेक्षा की कि वे आगामी छात्र संघ निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया के दौरान अनुशासन, शांति, सौहार्द एवं महाविद्यालय की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि छात्र संघ निर्वाचन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है। अतः सभी प्रतिभागियों का दायित्व है कि वे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाएं।

यह भी पढ़ें 👉  वित्तीय अनियमितताओं के आरोप निराधार पाये ग‌ए, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश कार्यकारिणी ने रानीखेत निवर्तमान व्यापार मंडल को दी क्लीन चिट

बैठक के अंत में महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी उपस्थित संभावित प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों को यह स्पष्ट किया गया कि छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 से संबंधित सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों, लिंगदोह समिति की संस्तुतियों, छात्र संघ नियमावली तथा आदर्श आचार संहिता के अनुरूप ही संचालित की जाएंगी। महाविद्यालय प्रशासन ने शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं अनुशासित निर्वाचन के लिए सभी छात्र-छात्राओं, प्रत्याशियों, शिक्षकगण तथा पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा की।बैठक में महाविद्यालय के मुख्य शास्ता प्रोफेसर पी.एन. तिवारी सहित डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. प्राची जोशी, डॉ. रश्मि रौतेला, डॉ. भारत पांडे, डॉ. आशुतोष विक्रम, डॉ. बबीता कांडपाल, डॉ. संगीता, डॉ. सुदर्शन कुमार सहित निवर्तमान छात्र संघ अध्यक्ष हर्षित रौतेला एवं सचिव गौरव तिवारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त छात्र संघ के विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी एवं उनके अनेक समर्थकों ने बैठक में सहभागिता की।

यह भी पढ़ें 👉  प्रसिद्ध लोक गायक हीरा सिंह राणा के पैतृक गांव में समारोह पूर्वक मनाया गया उनका 84वां जन्मदिन , गीतों के माध्यम से दी गई श्रद्धांजलि
ADVERTISEMENTS Ad Ad