सभ्य समाज को शर्मसार करने वाली घटना, उत्तराखंड में दलित युवक को मंदिर प्रवेश पर बंधक बनाकर जलती लकड़ी से पीटा

ख़बर शेयर करें -

भले ही हम 21वीं सदी की बात करते हैं और साथ ही एक सभ्य समाज में रहने की भी, लेकिन आज भी कहीं ना कहीं जातिवाद हम पर हावी है. ऐसा ही एक मामला उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद से सामने आया है. जहां एक दलित युवक को मंदिर में घुसने पर रातभर बंधक बनाकर जलती लकड़ी से पीटा गया।

बता दें कि उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र के सालरा गांव में मंदिर में प्रवेश करने पर दलित युवक को रात भर बंधक बना कर जलती लकड़ी से पीटने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पक्ष ने मोरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं एसपी का कहना है कि मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना सीओ ऑपरेशन को सौंपी गई है।

बैनोल गांव निवासी आयुष (22) पुत्र अतर लाल ने मोरी थाने में क्षेत्र के पांच लोगों के खिलाफ जान से मारने के प्रयास सहित कई अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। आयुष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीते नौ जनवरी को शाम करीब सात बजे गांव के कौंवल मंदिर में दर्शन के लिए गया था। मंदिर में मौजूद कुछ लोगों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बाद में उसे मंदिर में बांध दिया।

यहां गांव के पांच सवर्णों ने जलती लकड़ी व अंगारों से उसे रात भर पीटा। जिससे वह बेहोश हो गया। आयुष ने बताया कि 10 जनवरी सुबह जब उसे होश आया तो वह नग्नावस्था में था। आयुष ने बताया कि वह नग्नावस्था में ही वहां से भागा। आयुष ने बताया कि सवर्णो ने उसे मंदिर में प्रवेश करने पर पीटा। आयुष की शिकायत पर पुलिस ने गांव के जयवीर सिंह, ईश्वर, आशीष, चैन सिंह व भग्यान आदि मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना सीओ ऑपरेशन प्रशांत कुमार को सौपी गई है।

एसपी उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि मामले में क्षेत्र के पांच लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad