अल्मोड़ा आ रहा दुग्ध वाहन कैंची के पास शिप्रा नदी में गिरा, हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल
भवाली – मंगलवार को एक और दुग्ध वाहन दुर्घटना ग्रस्त हो गया।हल्द्वानी से दूध लेकर अल्मोड़ा की ओर आ रहा पिकअप वाहन कैंची के समीप असंतुलित होकर करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।
कैंची पुलिस की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बामुश्किल तीनों घायलों को हाईवे तक पहुंचाया जहां से आपातकालीन 108 सेवा से घायलों को सीएचसी भवाली भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में तीनों घायलों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
जानकारी अनुसार शनि बाजार, हल्द्वानी निवासी वाहन चालक अंकित सिंह पड़ोसी बाॅबी व मोहम्मद साकिब को साथ लेकर मध्य रात्रि पिकअप वाहन यूके 04 सीसी 3645 में निजी कंपनी का दूध लेकर अल्मोड़ा की ओर आ रहा था , कैंची क्षेत्र के समीप पहुंचते ही अंकित एकाएक वाहन पर संतुलन खो बैठा। नतीजतन वाहन तीखी चट्टान से पलटता हुआ करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरा। सुबह तकरीबन पांच बजे के आसपास राहगीरों ने नदी क्षेत्र में वाहन की लाईट जलती देखी।
अनहोनी के अंदेशा जता कैंची चौकी पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विजय कुमार मय टीम घटनास्थल की ओर रवाना हुए। बगैर समय गवांए स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरु किया गया।
नदी क्षेत्र में गंभीर हालत में पड़े अंकित, बाॅबी व मोहम्मद साकिब को कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल हाईवे तक पहुंचाया। आपातकालीन 108 सेवा के माध्यम से तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया जहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार कर तीनों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया।



अल्मोड़ा आ रहा दुग्ध वाहन कैंची के पास शिप्रा नदी में गिरा, हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल
आनंदा डेयरी उत्पादों से भरा ट्रक खाई में गिरा, चालक ने कूद कर बचाई जान