राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में छात्र संघ निर्वाचन 2026–27 के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री सम्पन्न, विभिन्न पदों के लिए 21नामांकन पत्र बिके
रानीखेत– स्वर्गीय श्री जय दत्त वैला, स्वo संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में छात्र संघ निर्वाचन 2026–27 की निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य सम्पन्न हुआ। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी पदवार विवरण के अनुसार छात्र-छात्राओं में छात्र संघ निर्वाचन को लेकर उत्साह एवं सक्रियता दिखाई दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार जोशी द्वारा जारी नामांकन पत्र बिक्री विवरण के अनुसार कुल 21 नामांकन प्रपत्र विक्रय किए गए। विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री के आंकड़ों से स्पष्ट है कि अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक 04 नामांकन प्रपत्र विक्रय किए गए। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष (छात्रा), कोषाध्यक्ष एवं संयुक्त सचिव पद के लिए 03-03, जबकि उपाध्यक्ष (छात्र), सचिव एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए 02-02 नामांकन प्रपत्र विक्रय हुए। सांस्कृतिक सचिव तथा संकाय प्रतिनिधि (वाणिज्य) पद के लिए 01-01 नामांकन प्रपत्र विक्रय किया गया।
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्र संघ निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही है। निर्वाचन प्रक्रिया में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की सहभागिता को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं उत्तरदायित्व की भावना के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार जोशी ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे निर्वाचन से संबंधित सभी नियमों एवं निर्धारित आचार-संहिता का पालन करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय एवं अनुशासित सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि छात्र संघ निर्वाचन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक लोकतांत्रिक वातावरण बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पाण्डे ने भी छात्र-छात्राओं से निर्वाचन प्रक्रिया को गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग करने की अपेक्षा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन निर्वाचन की प्रत्येक प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सम्पन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। महाविद्यालय की निर्वाचन समिति के सदस्य डॉo पूजा बोहरा, डॉo नीमा बोरा डॉ० धीरज सिंह खाती, आदि ने सहयोग किया l



भिकियासैंण तहसील के स्यालकोट में कनार फाउंडेशन की भव्य माता की चौकी संपन्न
रानीखेत के ऐतिहासिक खड़ी बाजार रामलीला में निकली भव्य शोभायात्रा, आज होगा रावण-मेघनाद का पुतला दहन