हल्द्वानी (नैनीताल)। शहर के एक प्रमुख स्टोन क्रशर कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाकर पिछले करीब 11 वर्षों से ब्लैकमेल करने और करोड़ों रुपये की नकदी व संपत्ति हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला समेत 5 नामजद और 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, जान से मारने की धमकी और आपराधिक साजिश की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूजा के बहाने घर बुलाकर खिलाया नशीला प्रसाद
हल्द्वानी निवासी स्टोन क्रशर कारोबारी सुभाष चंद्र (सुभाष गुप्ता) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि यह सिलसिला वर्ष 2015–16 में शुरू हुआ था। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें पूजा के बहाने घर बुलाया और प्रसाद में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोशी की हालत में उनके अश्लील व निजी फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद इन्हीं आपत्तिजनक वीडियो को सार्वजनिक करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वसूली का खेल शुरू किया गया।
नकदी के साथ 4 प्लॉट और वाहन भी हड़पे
पीड़ित के अनुसार, बदनामी और झूठे केस के डर से वह लगातार आरोपियों की मांगें पूरी करते रहे। वर्ष 2015–16 से 11 नवंबर 2026 के बीच आरोपियों ने नकद और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब 5 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। इसके अलावा लगभग 2 करोड़ रुपये बाजार मूल्य के 4 बेशकीमती प्लॉट, एक कार और स्कूटी/बाइक भी अपने नाम करवा ली।
भाई के घर पहुंचकर दी हत्या की धमकी
तहरीर में बताया गया है कि 5 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी ज्योति सिंह काठगोदाम के हाईडिल गेट स्थित कारोबारी के छोटे भाई के घर जा पहुंची। वहां रकम न देने पर उसने अपने साथियों को बुलाकर हत्या कराने और वीडियो वायरल करने की खुली धमकी दी। लगातार बढ़ती धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली और सुरक्षा की गुहार लगाई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने 18 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी ज्योति सिंह और मोहम्मद मुश्ताक समेत 5 नामजद तथा 2 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि पीड़ित द्वारा सौंपे गए बैंक ट्रांजेक्शन, संपत्ति के दस्तावेजों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहनता से सत्यापन किया जा रहा है। साक्ष्यों की पुष्टि के बाद मामले में जल्द ही अग्रिम वैधानिक कार्रवाई और गिरफ्तारियां की जाएंगी।



हल्द्वानी में हनी ट्रैप का सनसनीखेज मामला: स्टोन क्रशर कारोबारी से 5 करोड़ नकद और 2 करोड़ के प्लॉट हड़पे, 7 पर मुकदमा दर्ज
जनगणना-2027: अल्मोड़ा में स्व-गणना जागरूकता प्रचार रथ रवाना, 30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण