रानीखेत में 14 दिवसीय शास्त्रीय संगीत शिविर का भव्य समापन, प्रशिक्षार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
रानीखेत :सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में आयोजित 14 दिवसीय निःशुल्क शास्त्रीय संगीत शिविर का भव्य समापन राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, रानीखेत के सभागार में हुआ। शिविर की संयोजिका राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज में संगीत शिक्षिका मीनाक्षी उप्रेती जोशी द्वारा शास्त्रीय संगीत का 14 दिवसीय शिविर चलाया गया ।
उन्होंने रानीखेत क्षेत्र तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती विमला बिष्ट द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया तथा अपने विद्यालय की शिक्षिका के इस प्रयास के लिए उन्हें बहुत-बहुत साधुवाद दिया इसके उपरांत शिविर के प्रशिक्षार्थियों ने प्रारंभिक स्वरज्ञान, विभिन्न अलंकारों तथा स्वर, लय एवं ताल के तालबद्ध अभ्यास की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद प्रशिक्षार्थियों ने राग भूपाली में सुंदर गणेश वंदना प्रस्तुत की, जिसकी सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। तत्पश्चात गीतांजली जोशी ने शास्त्रीय गायन की एकल प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वर्तमान में वे वनस्थली विद्यापीठ में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों द्वारा राग यमन की सामूहिक प्रस्तुति तथा राग बिहाग की आकर्षक प्रस्तुति भी दी गई। वहीं हर्षित नेगी ने एकल शास्त्रीय गायन से श्रोताओं का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त मीनाक्षी उप्रेती जोशी की शिष्या, जो वर्तमान में भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय, लखनऊ से संगीत शिक्षा ग्रहण कर रही हैं, ने भी अपनी उत्कृष्ट एकल प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
समापन सत्र में प्रशिक्षित श्रीमती मीनाक्षी उप्रेती जोशी ने अपने प्रशिक्षणार्थियों के साथ राग भैरवी पर आधारित एक भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। तबले पर प्रदीप कुवार्बी ने संगत की, जो वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय में संगीत शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। उनकी संगत ने प्रस्तुतियों को और भी प्रभावशाली बना दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संयुक्त सिटी मजिस्ट्रेट कार्यव्यस्तता के कारण उपस्थित नहीं हो सकीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में छावनी परिषद रानीखेत के मनोनीत सभासद एवं पूर्व उपाध्यक्ष मोहन नेगी उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शास्त्रीय संगीत को जीवित रखना एक बड़ी चुनौती है और मीनाक्षी उप्रेती जोशी द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण देकर इस दिशा में किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम के संरक्षक सांस्कृतिक समिति रानीखेत के अध्यक्ष विमल सती ने अपने संबोधन में कहा कि संगीत बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा अभिभावकों को भी इसके लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने मीनाक्षी उप्रेती जोशी द्वारा विद्यालय की सीमाओं से बाहर निकलकर संगीत के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ग्राम प्रधान खनिया एवं समाजसेवी राजेंद्र सिंह बिष्ट ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मीनाक्षी उप्रेती जोशी द्वारा लगातार शास्त्रीय संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किया जा रहा प्रयास प्रेरणादायी है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने ही समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर आर्मी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य कमलेश जोशी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मीनाक्षी उप्रेती जोशी द्वारा विभिन्न विद्यालयों एवं क्षेत्रों के बच्चों को निःशुल्क संगीत प्रशिक्षण प्रदान करना समाज के लिए एक अनुकरणीय पहल है।
कार्यक्रम में दीप भगत, विजय शर्मा, जगदीश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने इस कार्यक्रम की भूरी भूरी प्रशंसा की ।कार्यक्रम का संचालन सुश्री वंदना चौधरी द्वारा किया गया।




रानीखेत में 14 दिवसीय शास्त्रीय संगीत शिविर का भव्य समापन, प्रशिक्षार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
नेशनल इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव समारोह रंगारंग कार्यक्रम के साथ संपन्न, मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान की गई छात्रवृत्ति