रानीखेत में उत्तराखंड के पहले 48 घंटे ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन का शुभारंभ, 21 धावकों ने लिया हिस्सा
रानीखेत -रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब द्वारा आयोजित “द ट्रांस लूप्स – ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन” का शुभारंभ आज नरसिंह स्टेडियम, रानीखेत में हुआ। प्रतियोगिता का फ्लैग ऑफ दीक्षिता जोशी, आईएएस, संयुक्त मजिस्ट्रेट, रानीखेत एवं लेफ्टिनेंट कर्नल गुरप्रीत सिंह, कुमाऊँ रेजीमेंटल सेंटर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
यह अपनी तरह का उत्तराखंड का पहला 48 घंटे ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में एंड्योरेंस स्पोर्ट्स और एडवेंचर रनिंग को बढ़ावा देना तथा रानीखेत को राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर स्पोर्ट्स की नई पहचान दिलाना है।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुल 21 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें 48 घंटे वर्ग के सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी 67 वर्षीय पांडियान शिवाबालन (कोयम्बटूर, तमिलनाडु) हैं, जबकि 24 घंटे वर्ग के सबसे युवा प्रतिभागी 20 वर्षीय कृष्णा (दिल्ली) हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी अपनी शारीरिक एवं मानसिक सहनशक्ति का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब के अध्यक्ष सुमित गोयल ने आयोजन सहयोगी संस्था The Endurance Collective की पूरी टीम का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड में एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के लिए एक नई शुरुआत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर की एक प्रतिष्ठित पहचान बनेगी और रानीखेत को एडवेंचर एवं एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।
The Endurance Collective की संस्थापक विनीता जैन एवं कैप्टन मनीष सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि रानीखेत के प्राकृतिक वातावरण, सुहावने मौसम और शांत परिवेश में इस आयोजन का आयोजन करना एक अलग और बेहतरीन अनुभव है। उन्होंने कहा कि रानीखेत की भौगोलिक परिस्थितियां और प्राकृतिक सुंदरता इसे एंड्योरेंस एवं ट्रेल रनिंग के लिए एक आदर्श स्थान बनाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन देशभर के धावकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बनेगा।
फ्लैग ऑफ समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय नागरिक एवं विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे। आयोजन ने रानीखेत में खेल एवं साहसिक पर्यटन को नई दिशा देने की मजबूत पहल की है।
रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब के हिमांशु उपाध्याय, देवांशु साह गंगोला, जीवन कुवार्बी, श्याम फर्त्याल, गोविंद सिंह, बिष्ट, गौरव पांडेय, बॉबी नवाब, अशोक मेहरोत्रा, विनोद खुल्वे, पंकज सती, सोनू सिद्दीकी, फोटोग्राफी टीम के एंजिला नवाब, अमोग बिष्ट, भार्गव जोशी आदि उपस्थित रहे।


रानीखेत में उत्तराखंड के पहले 48 घंटे ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन का शुभारंभ, 21 धावकों ने लिया हिस्सा
मणिपुर में शहीद हुए उत्तराखंड के वीर सपूत बलवंत सिंह खेतवाल की हल्द्वानी में अंतिम विदाई, बलिदानी को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब